सड़क किनारे खड़ी स्कूटी पर चढ़ी तेज रफ्तार कार, महिला की मौत।
कैनाल रोड पर आधी रात हुआ हादसा, 26 वर्षीय नैना राजपूत ने मैक्स अस्पताल में तोड़ा दम; दूसरी महिला घायल, कार चालक समेत दो हिरासत में।
देहरादून। राजपुर थाना क्षेत्र के कैनाल रोड पर शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में 26 वर्षीय महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसा रात करीब 12:45 बजे हुआ, जब एक कार ने सड़क किनारे खड़ी स्कूटी और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी पर सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसकी मैक्स अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर रात 112 के माध्यम से कैनाल रोड पर सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां UP14DE 0052 नंबर की आई-20 कार क्षतिग्रस्त हालत में सड़क किनारे खड़ी मिली, जबकि UK07AD 5929 नंबर की स्कूटी और UK02BO 7044 नंबर की मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ी थी।
मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि कार चालक ने सड़क किनारे खड़े दोनों वाहनों में टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी पर सवार महिला नैना राजपूत और दूसरी महिला निधि कश्यप घायल हो गईं। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। नैना राजपूत ने मैक्स अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि निधि कश्यप का दून अस्पताल में उपचार चल रहा है।
ब्रेक नहीं लगे’, चालक ने पुलिस को बताई वजह
पुलिस के मुताबिक, कार चालक सुमित यादव ने बताया कि वह काठबंगला से कैनाल रोड की ओर आ रहा था। इसी दौरान कार के ब्रेक नहीं लग पाए और वाहन सड़क किनारे खड़े वाहनों से जा टकराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाने में दाखिल कर दिया है।
मृतका की पहचान नैना राजपूत पत्नी अभिषेक मेहरा, निवासी पोहली, दूधली, डोईवाला, देहरादून, उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने मामले में कार चालक सुमित यादव (20) निवासी काठबंगला बस्ती भाग-2, राजपुर और उसके साथी हाशिम (24) निवासी सुमन नगर, राजपुर को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर घटना की गहन जांच की जा रही है।
मृतका के पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।


