केदारनाथ धाम में VIP दर्शन के नाम पर ठगी, फर्जी IRCTC एजेंट गिरफ्तार।
रुद्रप्रयाग, 09 जून 2026। श्री केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं को वीआईपी दर्शन कराने का झांसा देकर हजारों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक युवक को रुद्रप्रयाग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खुद को IRCTC एजेंट बताकर यात्रियों से पैसे वसूल रहा था।
पुलिस के अनुसार 8 जून को केदारनाथ चौकी में शिकायत मिली कि चिराग नाम का व्यक्ति एक स्थानीय व्यक्ति और होटल संचालक के साथ मिलकर श्रद्धालुओं को वीआईपी दर्शन का लालच दे रहा है। आरोप है कि उसने 10 यात्रियों के एक समूह से प्रति व्यक्ति 3 हजार रुपये लेकर कुल 30 हजार रुपये की ठगी की।
शिकायत मिलते ही केदारनाथ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धाम परिसर से हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 5 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह एक स्थानीय व्यक्ति के साथ मिलकर इस धोखाधड़ी को अंजाम दे रहा था।
इस मामले में कोतवाली सोनप्रयाग में मुकदमा संख्या 26/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 319(2) और 317(2) के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार चमोली भेज दिया गया है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपी की तलाश और जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान चिराग पुत्र चुन्नी लाल, निवासी ग्राम बतल, पोस्ट भामला, थाना बल्दवाड़ा, जिला मंडी, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे दर्शन, पंजीकरण या किसी विशेष सुविधा के लिए केवल अधिकृत और सरकारी माध्यमों का ही उपयोग करें। किसी भी अज्ञात व्यक्ति के झांसे में न आएं तथा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या आपातकालीन सेवा 112 पर दें।


