रौली ग्वाड के जंगल में मिले अज्ञात शव की हुई शिनाख्त, 20 वर्षीय आदित्य के रूप में हुई पहचान।

रौली ग्वाड के जंगल में मिले अज्ञात शव की हुई शिनाख्त, 20 वर्षीय आदित्य के रूप में हुई पहचान।
खबर शेयर करें:

रौली ग्वाड के जंगल में मिले अज्ञात शव की हुई शिनाख्त, 20 वर्षीय आदित्य के रूप में हुई पहचान।


गोपेश्वर (चमोली): जिला मुख्यालय गोपेश्वर के समीप रौली ग्वाड के पाडुली जंगल में मिले अज्ञात शव के मामले में चमोली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शव की शिनाख्त कर ली है। मृतक की पहचान ज्योतिर्मठ के उर्गम घाटी (देवग्राम) निवासी 20 वर्षीय आदित्य सिंह नेगी के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ समय से लापता चल रहा था। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार 9 जून 2026 को सुबह करीब 09:10 बजे पाडुली निवासी बृजेश ने पुलिस को सूचना दी कि रौली ग्वाड की ओर जंगल में एक मानव शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही चमोली के प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। घटनास्थल अत्यधिक दुर्गम और घने जंगल में होने के कारण पुलिस कर्मियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने शव का रेस्क्यू कर जंगल से बाहर निकाला और आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेजा।

शव की शिनाख्त के लिए कोतवाली चमोली की टीम ने तत्काल रिकॉर्ड खंगाले। कोतवाली में पहले से ही दर्ज गुमशुदगी के मामले (मु0अ0सं0 12/26, धारा 140(3) बीएनएस) से संबंधित परिजनों को तुरंत मौके पर बुलाया गया। जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों ने मृतक के शरीर पर मौजूद कपड़ों और घटनास्थल से बरामद हुए मोबाइल फोन को देखकर चीख-पुकार मचा दी। परिजनों ने रुंधे गले से शव की पहचान लापता आदित्य सिंह नेगी के रूप में की।

जवान बेटे की मौत की खबर से देवग्राम और ज्योतिर्मठ क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। चमोली पुलिस ने नियमानुसार पंचायतनामा की कार्रवाई भरने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आदित्य इस दुर्गम जंगल तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->