20 साल बाद भी डुमक तक नहीं पहुंची सड़क, बीडीसी बैठक में प्रधान धरने पर बैठे, डीएम ने दिया समाधान का आश्वासन।

20 साल बाद भी डुमक तक नहीं पहुंची सड़क, बीडीसी बैठक में प्रधान धरने पर बैठे, डीएम ने दिया समाधान का आश्वासन।
खबर शेयर करें:

 20 साल बाद भी डुमक तक नहीं पहुंची सड़क, बीडीसी बैठक में प्रधान धरने पर बैठे, डीएम ने दिया समाधान का आश्वासन।


गोपेश्वर, 4 जून। विकासखंड दशोली सभागार में ब्लॉक प्रमुख विनीता देवी की अध्यक्षता में आयोजित क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) बैठक में क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को घेरा। बैठक में जिलाधिकारी गौरव कुमार, मुख्य विकास अधिकारी राजकुमार पांडेय, उपजिलाधिकारी चमोली समेत कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान ग्राम पंचायत बेमरू के प्रधान रविंद्र नेगी ने पीएमजीएसवाई के तहत सेंजी-लगा, मेकोट, बेमरू, स्यूण, डुमक और कलगोठ मोटर मार्ग का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य शुरू हुए दो दशक से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन आज तक सड़क डुमक गांव तक नहीं पहुंच पाई है। विभागीय अधिकारियों द्वारा सड़क को स्यूण से आगे डुमक तक नहीं जोड़ने की बात कहे जाने पर प्रधान रविंद्र नेगी ने सदन में ही धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।

स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने हस्तक्षेप किया और सड़क को डुमक तक जोड़ने के लिए अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर वैकल्पिक अलाइनमेंट का प्रस्ताव शासन को भेजने का आश्वासन दिया। इसके बाद मामला शांत हुआ।

बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, कृषि, जल संस्थान, जल निगम, वन, पशुपालन और उद्यान विभाग से जुड़ी समस्याएं भी प्रमुखता से उठाई गईं। जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि कई विभागों द्वारा समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी की जा रही है।

जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर स्पष्ट और संतोषजनक जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की मूलभूत समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख विपिन कंडारी, कनिष्ठ प्रमुख शालिनी खत्री, जिला विकास अधिकारी आनंद सिंह भाकुनी, जिला पंचायत सदस्य विपिन सिंह फर्स्वाण, संतोषी देवी, तहसीलदार दीपशिखा, प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, प्रधान भगत फर्स्वाण, रविंद्र झिक्वाण, क्षेत्र पंचायत सदस्य करण सिंह, प्रधान गोदाम्बरी देवी तथा क्षेत्र पंचायत सदस्य गौतम पंवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->