₹6.5 लाख की स्मैक के साथ परवेज गिरफ्तार।
रायपुर पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर नशा तस्कर, ₹6.5 लाख की स्मैक के साथ परवेज गिरफ्तार।
देहरादून, थाना रायपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लाखों रुपये की स्मैक बरामद की है।
रायपुर थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रायपुर रोड स्थित गुरुद्वारे के पास से पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 21.93 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस स्मैक की कीमत साढ़े छह लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान परवेज राव (पुत्र नसीम राव) के रूप में हुई है, जो मेहूवाल (निकट जी मॉडर्न स्कूल, थाना पटेलनगर, देहरादून) का निवासी है। पुलिस के अनुसार, परवेज एक आदतन अपराधी है और पहले भी अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में दो बार जेल जा चुका है।
अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब अभियुक्त के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह स्मैक कहाँ से लाया था और दून में किन लोगों को इसकी सप्लाई करने वाला था।
एसएसपी देहरादून ने पुलिस टीम की इस कामयाबी की सराहना की है और साफ संदेश दिया है कि नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


