सेम-सांकरी गाँव में भालू का तांडव, गौशाला तोड़कर गाय को उतारा मौत के घाट; ग्रामीणों में दहशत
पोखरी (चमोली): जनपद के पोखरी विकास खंड के अंतर्गत आने वाले सेम-सांकरी गाँव में इन दिनों भालू का जबरदस्त आतंक बना हुआ है। भालू ने रिहायशी इलाके के पास धावा बोलकर एक ग्रामीण के मवेशी को अपना निवाला बना लिया, जिससे पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल है।
गौशाला फाड़कर गाय को बनाया निवाला
क्षेत्र पंचायत सदस्य मीना रावत और पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य हरीश रावत ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि देर रात भालू ने सेम गाँव निवासी ताजबर सिंह भंडारी की गौशाला पर हमला कर दिया। भालू गौशाला का दरवाजा/दीवार फाड़कर भीतर घुस गया और वहां बंधी गाय को मार डाला। सुबह जब ग्रामीण गौशाला पहुंचे तो वहां का मंजर देखकर सन्न रह गए।
गाँव में पसरा सन्नाटा, लोग घरों में दुबकने को मजबूर
इस घटना के बाद से सेम-सांकरी सहित आसपास के गांवों में भी भारी दहशत है। ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलते ही भालू आबादी वाले क्षेत्रों में बेखौफ घूम रहा है, जिससे अब महिलाओं और बच्चों का घर से बाहर निकलना दूभर हो गया है। ग्रामीणों ने डर जताया है कि यदि समय रहते भालू को नहीं भगाया गया, तो वह इंसानों पर भी हमला कर सकता है।
वन विभाग से गश्त और मुआवजे की मांग
क्षेत्र पंचायत सदस्य मीना रावत और पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य हरीश रावत ने वन विभाग से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही, उन्होंने विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और आदमखोर हो रहे भालू को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की पुरजोर मांग की है ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।


