चोरी का पर्स चंद घंटों में बरामद; यूपी का पर्यटक गिरफ्तार।
बिग ब्रेकिंग: चमोली पुलिस की तत्परता, चोरी का पर्स चंद घंटों में बरामद; यूपी का पर्यटक गिरफ्तार
चमोली (उत्तराखंड): चमोली पुलिस ने अपनी त्वरित कार्रवाई और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए, एक पर्यटक द्वारा चुराया गया लाखों का सामान और नगदी से भरा पर्स कुछ ही घंटों में बरामद कर लिया है। औली घूमने आए उत्तर प्रदेश के एक युवक को धारी देवी के पास से गिरफ्तार किया गया है।
चमोली बाजार स्थित एक मिठाई की दुकान पर खरीदारी के दौरान एक बुजुर्ग महिला का पर्स अनजाने में काउंटर पर छूट गया। पर्स में सोने की मटर माला, मंगलसूत्र, चांदी की पायल और 5,500/- रुपये नकद समेत कीमती सामान था। काफी खोजबीन के बाद जब पर्स नहीं मिला, तो महिला के बेटे कैलाश सिंह बिष्ट ने कोतवाली चमोली में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चमोली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने दुकान के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति पर्स उठाकर UP-27 AQ-2639 नंबर की अर्टिगा कार से कर्णप्रयाग की दिशा में भागता हुआ दिखाई दिया।
पुलिस टीम ने आधुनिक तकनीक और इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करते हुए गाड़ी का पीछा किया और धारी देवी-कलियासौड़ से कुछ पहले संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
वाहन की तलाशी के दौरान, पुलिस ने आरोपी राहुल गुप्ता पुत्र स्व. राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता, उम्र 35 वर्ष, निवासी बदायूं (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किया गया पर्स और उसमें रखे गए सभी आभूषण व नगद राशि शत-प्रतिशत सकुशल बरामद कर ली गई।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह औली घूमने आया था और पानी की बोतल खरीदते समय काउंटर पर रखा पर्स देखकर लालच में आकर चोरी कर बैठा।
चमोली पुलिस अधीक्षक ने टीम की इस तत्परता की सराहना की है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


