केदारनाथ धाम के कपाट विधि-
विधान के साथ खुले, गूंजा “हर-
हर महादेव”।
केदारनाथ मंदिर के कपाट आज बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। प्रातः 8 बजे शुभ मुहूर्त में जैसे ही कपाट खुले, पूरा धाम “हर-हर महादेव” और “जय श्री केदार” के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।
कपाट उद्घाटन के पावन अवसर पर पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। उन्होंने बाबा केदारनाथ के दर्शन कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। सिख रेजीमेंट के बैंड की भक्तिमय धुनों ने पूरे वातावरण को और भी दिव्य बना दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ धाम न केवल आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष की चारधाम यात्रा भी नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।
इस दौरान मंदिर को 51 क्विंटल से अधिक फूलों से सजाया गया और कपाट खुलते ही हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
सरकार द्वारा चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। मुख्यमंत्री ने सभी लोगों से श्रद्धालुओं के प्रति सेवा और आतिथ्य भाव बनाए रखने की अपील की।


