गोपेश्वर में पृथ्वी दिवस पर बच्चों ने निकाली जागरूकता रैली।
गोपेश्वर। पृथ्वी दिवस के अवसर पर बाल भवन गोपेश्वर एवं उत्तराखंड पब्लिक स्कूल के बच्चों ने नगर क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता रैली निकाली। रैली गोपेश्वर के मुख्य मार्गों से होते हुए मंदिर मार्ग तक पहुंची, जहां बच्चों ने “पेड़ बचाओ, पृथ्वी बचाओ” के जोरदार नारे लगाए।
रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में पर्यावरण संरक्षण से संबंधित स्लोगन और संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया। बच्चों के उत्साह और संदेशों ने आम लोगों का ध्यान आकर्षित किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।
इस अवसर पर उत्तराखंड पब्लिक स्कूल में “पर्यावरण और पृथ्वी बचाओ” विषय पर पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने विचारों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का महत्व उजागर किया।
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों ने यह संदेश दिया कि पृथ्वी को बचाने के लिए हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहना होगा।







