केदारनाथ में दर्शन के दौरान बुजुर्ग यात्री की मौत, हार्ट अटैक की आशंका।
केदारनाथ मंदिर धाम में दर्शन के लिए पहुंचे गुजरात के एक बुजुर्ग श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हृदय गति रुकने (हार्ट अटैक) को मौत का संभावित कारण माना जा रहा है।
मृतक की पहचान बड़ोदरा (गुजरात) निवासी 69 वर्षीय दिलीप भाई मनु माली के रूप में हुई है। बुधवार सुबह केदारनाथ में उनकी अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजन उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे ने प्रशासन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं उनका कहना है मेरे पिताजी को समय से स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मलने के कारण उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद प्रशासन ने शव को हेलिकॉप्टर के माध्यम से गुलाबराय मैदान पहुंचाया, जहां से एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल भेजा गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार प्रथम दृष्टया मृत्यु का कारण हृदय गति रुकना प्रतीत हो रहा है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का विशेष ध्यान रखें, विशेषकर बुजुर्ग और पहले से बीमार व्यक्ति।


