चोपता के पास खाई में गिरी अनियंत्रित बाइक, SDRF ने बचाई दो लोगों की जान।
उत्तराखंड के जनपद रुद्रप्रयाग में आज एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चोपता क्षेत्र के बनियाकुंड के समीप एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर लगभग 20 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है।
हादसे के समय सब-इंस्पेक्टर आशीष डिमरी के नेतृत्व में SDRF की टीम क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात थी। सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुँची। गहरी खाई और कठिन परिस्थितियों के बावजूद जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला और मुख्य मार्ग तक पहुँचाया। रेस्क्यू के तुरंत बाद टीम ने घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार (First Aid) प्रदान किया।
दुर्घटना में घायल हुए व्यक्तियों की पहचान उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी के रूप में हुई है:
अंशुल कुमार, निवासी – बिजनौर।
शिवानी (पत्नी अंशुल कुमार), निवासी – बिजनौर।
SDRF द्वारा संपर्क किए जाने पर 108 एम्बुलेंस सेवा मौके पर पहुँची, जिसके माध्यम से दोनों घायलों को उपचार के लिए ऊखीमठ अस्पताल भेजा गया। फिलहाल दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है।



