300 मीटर गहरी खाई में गिरी ऑल्टो कार, SDRF ने दुर्गम रास्तों से निकाला दो शव।
पिथौरागढ़। जनपद के स्वालिक क्षेत्र के पास रनबिछुल में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जहाँ एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
आपदा कंट्रोल कक्ष पिथौरागढ़ से सूचना मिलते ही SDRF की टीम उप निरीक्षक प्रेम उपराड़ी के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल पर पहुँची। वाहन (संख्या UK 05 4405) में कुल तीन लोग सवार थे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल व्यक्ति को SDRF के पहुँचने से पहले ही निकालकर अस्पताल भेज दिया था।
खाई की गहराई और भौगोलिक परिस्थितियां अत्यंत चुनौतीपूर्ण थीं। SDRF टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों मृतकों हयात सिंह (38 वर्ष), पुत्र लक्ष्मण सिंह, निवासी – ग्राम सात सीलिंग।,संजय कुमार, पुत्र प्रेम राम, निवासी – ग्राम पंडा के शवों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद टीम शवों को लगभग 1.5 किलोमीटर पैदल दुर्गम पहाड़ी रास्तों और नदी मार्ग से होते हुए मुख्य सड़क तक लेकर आई। सड़क मार्ग पर पहुँचने के बाद शवों को स्थानीय प्रशासन के सुपुर्द कर 108 एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया।


