गहरी खाई में गिरी स्कूटी, 03 घायल।
नैनीताल: भुजान के पास गहरी खाई में गिरी अनियंत्रित स्कूटी, SDRF ने 03 घायलों को सुरक्षित निकाला
नैनीताल (रानीखेत रोड): उत्तराखंड के पहाड़ी रास्तों पर दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला जनपद नैनीताल के रानीखेत रोड का है, जहाँ भुजान के पास एक स्कूटी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में स्कूटी सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें SDRF (राज्य आपदा प्रतिवादन बल) की टीम ने एक चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम बिना समय गँवाए घटनास्थल पर पहुँची। खाई की गहराई और दुर्गम ढलान को देखते हुए टीम ने रोप रेस्क्यू (रस्सियों के सहारे) तकनीक का उपयोग किया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम के जांबाजों ने खाई में गिरे तीनों घायलों तक पहुँच बनाई और उन्हें एक-एक कर सुरक्षित मुख्य मार्ग तक पहुँचाया।
रेस्क्यू किए गए तीनों घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल 108 एम्बुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, घायलों का उपचार जारी है।


