न्यायालय परिसर में बम होने का दावा ।
रुद्रप्रयाग जिला जज और अन्य अधिकारियों को ईमेल के जरिए यह धमकी मिली, जिसमें न्यायालय परिसर में बम होने का दावा किया गया।
सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर में अफरातफरी मच गई। पुलिस अधीक्षक (SP) नीहारिका तोमर ने स्वयं कमान संभालते हुए पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया है।
बम निरोधक दस्ता (BDS), डॉग स्क्वाड और पुलिस की टीमें मेटल डिटेक्टर की मदद से कोर्ट के हर कोने और वाहनों की सघन तलाशी ले रही हैं।
यह धमकी ठीक उसी दिन मिली जब उत्तराखंड बार काउंसिल के चुनाव आयोजित हो रहे थे, जिससे मतदान प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। रुद्रप्रयाग के अलावा नई टिहरी, नैनीताल, उत्तरकाशी, हल्द्वानी और रामनगर की अदालतों को भी इसी तरह की धमकियां मिली हैं।
फिलहाल पुलिस की साइबर सेल धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। सुरक्षा कारणों से कुछ स्थानों पर अदालती कार्यवाही और मतदान को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।


