उत्तराखंड में 28 मार्च को मनाया जाएगा 'अर्थ ऑवर', एक घंटे के लिए बंद रहेंगी गैर-जरूरी लाइटें।
देहरादून: उत्तराखंड शासन ने आगामी 28 मार्च, 2026 को राज्यभर में 'अर्थ ऑवर' (Earth Hour) मनाने का निर्णय लिया है। शासन की ओर से सचिव विनोद कुमार सुमन ने इस संबंध में सभी प्रमुख सचिवों, विभागाध्यक्षों, जिलाधिकारियों और पुलिस महानिदेशक को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
रात 8:30 से 9:30 बजे तक अभियान
WWF इंडिया के अभियान के तहत, भविष्य की पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। 28 मार्च को रात्रि 8:30 बजे से 9:30 बजे तक एक घंटे के लिए प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों और नागरिकों से अपनी गैर-जरूरी लाइटें बंद रखने की अपील की गई है।
व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
शासन ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग को इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं ताकि आम जनता भी इस मुहिम का हिस्सा बन सके। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यह पहल समावेशी विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सभी कार्मिकों और प्रदेशवासियों से अनुरोध किया गया है कि वे निर्धारित समय पर लाइटें बंद कर इस वैश्विक अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।


