चमोली में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित, चारधाम यात्रा की तैयारियों पर विशेष फोकस।

चमोली में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित, चारधाम यात्रा की तैयारियों पर विशेष फोकस।
खबर शेयर करें:

चमोली में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित, चारधाम यात्रा की तैयारियों पर विशेष फोकस।


चमोली, 28 मार्च 2026।

पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार की अध्यक्षता में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, स्था0अभि0 इकाई, फायर सर्विस, दूरसंचार एवं अन्य शाखा प्रभारियों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जनपद में घटित अपराधों की समीक्षा के साथ आगामी चारधाम यात्रा को लेकर सुरक्षा व यातायात व्यवस्थाओं पर विशेष चर्चा की गई।

गोष्ठी की शुरुआत में एसीएमओ भगवती प्रसाद पुरोहित द्वारा मेडिको-लीगल विषयों पर विस्तृत एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान दिया गया। उन्होंने मेडिको-लीगल परीक्षण के उद्देश्य, प्रक्रिया, साक्ष्य संकलन की विधि और न्यायिक महत्व के बारे में विवेचकों को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी आपराधिक प्रकरण में चिकित्सीय परीक्षण साक्ष्यों की प्रमाणिकता सुनिश्चित करने और न्यायिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाता है।

व्याख्यान के दौरान महिला अपराध, चोट, यौन अपराध और दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों में सही प्रक्रिया अपनाने तथा समयबद्ध मेडिकल परीक्षण पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर महिला उपनिरीक्षकों सहित अन्य विवेचकों ने अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं, जिनका एसीएमओ द्वारा समाधान कर आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम के अंत में एसपी चमोली ने एसीएमओ को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया।

बैठक में एसपी चमोली ने भराडीसैंण में आयोजित विधानसभा बजट सत्र को सकुशल संपन्न कराने पर पुलिस बल को बधाई दी। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्रों में यात्रा व्यवस्थाओं को मजबूत करें, आवश्यकतानुसार नए पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन करें और अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाएं।

चारधाम यात्रा के सफल संचालन के लिए यात्रा मार्गों पर सुरक्षा प्रबंध, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, पुलिस बैरियर, पार्किंग और होल्डिंग प्वाइंट्स की व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा होटल, टैक्सी व अन्य यूनियनों के पदाधिकारियों के साथ बैठकें कर समन्वय स्थापित करने तथा मार्गों पर पड़े मलबे और अवरोध हटाने के लिए संबंधित विभागों से तालमेल बनाने को कहा गया।

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यात्रा मार्ग के बॉटलनेक्स स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और वायरलेस सेट के माध्यम से प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। दूरसंचार व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रभारी दूरसंचार को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के लिए कहा गया।

इसके साथ ही विश्व प्रसिद्ध रम्माण, तिमुंड्या मेला और नीति घाटी में प्रस्तावित अल्ट्रा मैराथन दौड़ को देखते हुए समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारियों को आपदा प्रबंधन उपकरणों की जांच करने तथा पुलिस कर्मियों को एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग के माध्यम से प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में साइबर अपराधों की रोकथाम, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, एमवी एक्ट के तहत अभियान चलाकर कार्रवाई तेज करने तथा फायर सीजन को देखते हुए पुलिस और फायर यूनिट्स को 24 घंटे अलर्ट मोड में रखने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सर्किलवार लंबित विवेचनाओं की गहन समीक्षा कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

इस दौरान प्रयागराज महाकुंभ-2025 में उत्कृष्ट सेवा देने वाले चमोली पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल (पीटी) अभिषेक राणा को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्राप्त “महाकुंभ सेवा मेडल एवं प्रशस्ति पत्र” प्रदान किया गया। वहीं उपनिरीक्षक सतेन्द्र बुटोला और अपर उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह को “पुलिस मैन ऑफ द मंथ” चुना गया। विधानसभा बजट सत्र और अन्य सराहनीय कार्यों के लिए कई अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

गोष्ठी में पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट, पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा सहित जनपद के सभी थाना प्रभारी व अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।







खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->