गैस सिलेंडर के लिए , सुबह से लाइन में लगकर भी खाली हाथ लौटे उपभोक्ता।
गोपेश्वर। जिला मुख्यालय गोपेश्वर में रसोई गैस की किल्लत से जनता बेहाल है। शनिवार को पुलिस लाइन एवं मंदिर मार्ग में गैस सिलेंडर वितरण के दौरान भारी अव्यवस्था देखने को मिली, जिससे स्थानीय लोगों में खासा आक्रोश है।
घंटों का इंतजार, फिर भी निराशा
गैस की किल्लत का आलम यह है कि उपभोक्ता कड़ाके की ठंड और सुबह की नींद त्यागकर सुबह 5:00 बजे से ही सिलेंडर की लाइनों में लग गए थे। लोगों को उम्मीद थी कि जल्दी आने पर उन्हें सिलेंडर मिल जाएगा, लेकिन वितरण के लिए गैस का ट्रक दोपहर 12:00 बजे पहुंचा। घंटों इंतजार के बाद दोपहर में वितरण प्रक्रिया शुरू हुई।
दोपहर 3:00 बजे तक चला वितरण
गैस वितरण की कार्रवाई दोपहर 3:00 बजे तक चली, लेकिन स्टॉक कम होने के कारण कई लोगों को निराशा हाथ लगी। लाइन में लगे कई उपभोक्ताओं को बिना सिलेंडर लिए ही वापस लौटना पड़ा।
जनता का दर्द: 'तीसरी बार भी खाली हाथ'
मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं ने प्रशासन और संबंधित विभाग के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया। कुछ लोगों ने बताया, "हम पिछले दिनों से तीसरी बार लाइन में लग रहे हैं, लेकिन हर बार हमें खाली हाथ और खाली सिलेंडर लेकर ही घर वापस जाना पड़ रहा है।"
लोगों का कहना है कि प्रशासन को गैस की आपूर्ति रोटेशन बना कर करनी चाहिए। जो उपभोक्ताओं लाइन में लगे थे उन्हें पर्ची देनी चाहिए ,ताकि आम जनता को इस तरह की भारी असुविधा का सामना न करना पड़े। स्थानीय लोगों ने नियमित और सुचारू आपूर्ति की मांग उठाई है। वहीं गैस ऐजेंसी के मैनेजर का कहना है कि आज पलान्ट से जो गैस आई थी वह हमारे द्वारा वितरित कर दी गई है।





