केदारनाथ के पूर्व विधायक मनोज रावत ने धामी सरकार से पूछे तीखे सवाल, घोषणाओं पर मांगा हिसाब

केदारनाथ के पूर्व विधायक मनोज रावत ने धामी सरकार से पूछे तीखे सवाल, घोषणाओं पर मांगा हिसाब
खबर शेयर करें:

केदारनाथ के पूर्व विधायक मनोज रावत ने धामी सरकार से पूछे तीखे सवाल, घोषणाओं पर मांगा हिसाब।


रुद्रप्रयाग/केदारनाथ:

केदारनाथ विधानसभा के पूर्व विधायक मनोज रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हालिया दौरे और उपचुनाव के दौरान की गई घोषणाओं को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले जनता से किए गए वादों पर अब तक कोई ठोस कार्यवाही धरातल पर दिखाई नहीं दे रही है।

मनोज रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री ने रुद्रप्रयाग से गुप्तकाशी तक सड़क मार्ग का चयन किया, जो स्वागतयोग्य है, लेकिन यदि वे वास्तव में जमीनी सच्चाई समझना चाहते, तो उन्हें सोनप्रयाग से गौरीकुंड तक भी जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि इसी मार्ग पर यात्रा सीजन में भारी जाम और अव्यवस्थाएं देखने को मिलती हैं, जिनसे स्थानीय जनता और श्रद्धालु दोनों परेशान रहते हैं।

घोषणाएं बनीं सिर्फ कागजों तक सीमित?

पूर्व विधायक ने 7 अक्टूबर 2024 को उपचुनाव से पहले की गई 14 प्रमुख घोषणाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनमें सड़क निर्माण, पुल, ट्रैकिंग मार्ग, खेल मैदान, ऑडिटोरियम और आपदा प्रभावित गांवों के विस्थापन जैसी योजनाएं शामिल थीं, लेकिन अधिकांश योजनाएं अभी तक शुरू भी नहीं हो पाई हैं।

उन्होंने विशेष रूप से मणिगुहा-धोडिक सड़क, मचकण्डी-सौर भूतनाथ मार्ग, ऊखीमठ और अगस्तमुनि क्षेत्र की सड़कों के सुधारीकरण, कालीशिला मोटर मार्ग, गोण्डार बंडतोली पुल निर्माण और किणझाणी गांव के विस्थापन जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा।

जनता के साथ किया गया वादा निभाएं सरकार

मनोज रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्वयं को उस समय विधायक के रूप में प्रस्तुत किया था और जनता से वादा किया था कि विकास कार्यों में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। अब जब क्षेत्र में विधायक भी है और सरकार “ट्रिपल इंजन” की बात कर रही है, तो इन घोषणाओं को पूरा करने की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।

क्रमवार उठेंगे सवाल

उन्होंने कहा कि अब इन सभी घोषणाओं पर क्रमवार सवाल उठाए जाएंगे और सरकार से स्पष्ट जवाब लिया जाएगा। जनता को यह जानने का पूरा अधिकार है कि विकास कार्यों की स्थिति क्या है और उनमें देरी क्यों हो रही है।

सरकार की जवाबदेही तय होनी जरूरी

पूर्व विधायक ने अंत में कहा कि केवल घोषणाएं करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करना ही असली विकास है। केदारनाथ क्षेत्र की जनता अब घोषणाओं का नहीं, बल्कि परिणामों का इंतजार कर रही है।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->