भालू के खौफ से गहरी खाई में गिरा व्यक्ति, गंभीर रूप से घायल।
जखोली (रुद्रप्रयाग): जनपद के जखोली विकासखंड के इंद्रनगर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार देर शाम भालू के हमले से बचने की कोशिश में एक व्यक्ति अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंद्रनगर के समीप देर शाम कुछ लोग अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे, तभी अचानक एक भालू ने उन पर हमला करने की नीयत से पीछा करना शुरू कर दिया। भालू को अपने पीछे आता देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान भयभीत होकर गंभीर सिंह बुटोला नाम के व्यक्ति का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गहरी खाई में जा गिरे।
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाई और बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल गंभीर सिंह को खाई से बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद, उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर कर दिया है।
वर्तमान में घायल व्यक्ति का श्रीनगर में इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद से इंद्रनगर और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।


