देवदूत बनी लंगासू पुलिस: नदी में कूदने जा रहे व्यक्ति को मौत के मुँह से खींच लाई टीम, बचाई अनमोल जान।
लंगासू/चमोली
उत्तराखंड पुलिस का 'मित्र पुलिस' चेहरा आज उस समय धरातल पर दिखाई दिया, जब चमोली जनपद की लंगासू चौकी पुलिस ने अपनी तत्परता से एक व्यक्ति को आत्मघाती कदम उठाने से ऐन वक्त पर रोक लिया। पुलिस की इस मानवीय संवेदनशीलता और साहस की हर ओर प्रशंसा हो रही है।
आज सुबह लंगासू क्षेत्र में अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला बदहवास होकर चिल्लाते हुए एक व्यक्ति के पीछे भाग रही थी। वह व्यक्ति तेजी से लंगासू चौकी के नीचे बह रही नदी की ओर बढ़ रहा था। चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने जब यह दृश्य देखा, तो उन्हें स्थिति की गंभीरता समझते देर न लगी।
खतरे को भांपते हुए हेड कांस्टेबल हनुमंत रावत, होमगार्ड चंद्रमोहन और होमगार्ड कुलदीप बिना एक क्षण गंवाए चौकी से बाहर निकले और उफनती नदी की ओर दौड़ पड़े। जब तक पुलिस टीम मौके पर पहुँची, व्यक्ति नदी में कूदने के लिए अपने कपड़े उतार चुका था और किसी भी क्षण गहरे पानी में छलांग लगा सकता था। पुलिस कर्मियों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए सूझबूझ दिखाई और उसे सुरक्षित रूप से पकड़कर नदी से बाहर निकाला।
सुरक्षित रेस्क्यू के बाद व्यक्ति को चौकी लाकर बैठाया गया और सामान्य स्थिति में आने पर पूछताछ की गई। व्यक्ति ने बताया कि उसका ब्लड प्रेशर (BP) अचानक बहुत ज्यादा बढ़ गया था, जिससे वह अपना मानसिक संतुलन खो बैठा और उसे समझ ही नहीं आया कि वह आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाने जा रहा है।
पुलिस ने तत्काल व्यक्ति के परिजनों को सूचित किया और उन्हें चौकी बुलाकर आवश्यक काउंसिलिंग के बाद व्यक्ति को उनके सुपुर्द कर दिया। अपने परिजन को जीवित पाकर परिजनों की आंखें नम हो गईं और उन्होंने उत्तराखंड पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज पुलिस कर्मियों ने देवदूत बनकर उनके परिवार को उजड़ने से बचा लिया।



