बजट सत्र की अवधि बढ़ाने को लेकर कांग्रेस मुखर।
ऊखीमठ एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन।
ऊखीमठ (रुद्रप्रयाग): प्रदेश के आगामी बजट सत्र को लेकर सियासत गरमाने लगी है। शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी रुद्रप्रयाग के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष कुलदीप कंडारी के नेतृत्व में उप जिलाधिकारी (SDM) ऊखीमठ के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तराखंड को ज्ञापन प्रेषित किया। कांग्रेसियों ने मांग की है कि आगामी बजट सत्र की अवधि कम से कम 21 दिन (3 सप्ताह) सुनिश्चित की जाए, ताकि राज्य के ज्वलंत मुद्दों पर सार्थक चर्चा हो सके।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को चार प्रमुख बिंदुओं में विस्तार से रखा है:
प्रश्नकाल में मुख्यमंत्री की उपस्थिति: कांग्रेस की मांग है कि बजट सत्र में कम से कम 3 सोमवार ऐसे हों जिनमें प्रश्नकाल और विधाई कार्य हों। मुख्यमंत्री अपने पास रखे गए विभागों के प्रश्नों के उत्तर स्वयं सदन में दें।
यूपी के पुराने कानूनों को बदलने की मांग: कार्यकर्ताओं ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज भी उत्तराखंड में उत्तर प्रदेश के कई कानून और नियमावलियां चल रही हैं। उन्होंने उत्तराखंड उच्च न्यायालय की टिप्पणी का हवाला देते हुए कहा कि पंचायत राज एक्ट जैसे महत्वपूर्ण कानूनों में सुधार की सख्त जरूरत है, जिसे सरकार नजरअंदाज कर रही है।
ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा: ज्ञापन में राज्य में बढ़ते भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न, बढ़ते अपराध, मानव-वन्यजीव संघर्ष और सरकारी जमीनों की बंदरबांट जैसे विषयों पर विधानसभा में विस्तृत चर्चा की मांग की गई है।
सरकार अक्सर विधाई कार्यों की कमी का बहाना बनाकर सत्र छोटा रखती है। कांग्रेस का कहना है कि प्रदेश के हितों के लिए सत्र कम से कम 3 सप्ताह का होना चाहिए।
जिलाध्यक्ष कुलदीप कंडारी ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने बजट सत्र की अवधि 21 दिन निर्धारित नहीं की, तो कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में जिला और तहसील स्तर पर धरना प्रदर्शन करेंगे और जनता की समस्याओं को सड़क पर उठाएंगे।
इस अवसर पर संगठन के नवनियुक्त पदाधिकारियों सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें विनोद राणा (ब्लॉक अध्यक्ष, ऊखीमठ),संतोष शैव (नगर अध्यक्ष, ऊखीमठ),गणेश तिवारी (ब्लॉक अध्यक्ष, गुप्तकाशी),मदन रावत (नगर अध्यक्ष, गुप्तकाशी),डॉ. कैलाश पुष्पवान, कुलदीप रावत, कर्मवीर कुंवर ,उत्तराखंड आंदोलनकारी मोहन पंवार, उदय सिंह सहित दर्जनों कांग्रेसी उपस्थित रहे।


