टिहरी गढ़वाल में भीषण सड़क हादसा: दाह संस्कार से लौट रहे ग्रामीणों का वाहन खाई में गिरा, 8 की मौत।
टिहरी/चंबा: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले से एक अत्यंत पीड़ादायक खबर सामने आ रही है। ऋषिकेश में अंतिम संस्कार संपन्न कर वापस लौट रहे ग्रामीणों का वाहन चंबा-कोटी नैल मार्ग पर अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में 8 लोगों की जान जाने की खबर है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी लोग ऋषिकेश से एक परिजन का दाह संस्कार कर वापस अपने घर घनसाली की ओर लौट रहे थे। चंबा-कोटी नैल मोटर मार्ग पर अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया और देखते ही देखते वाहन गहरी खाई में जा समाया।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए:
मौके पर अधिकारी: जिलाधिकारी (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) टिहरी गढ़वाल खुद घटनास्थल पर मौजूद हैं।
बचाव टीमें: SDRF, स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस की टीमें कड़ी मशक्कत के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।
शव बरामद: रेस्क्यू टीम ने अब तक चार शवों को खाई से बाहर निकाल लिया है, अन्य की तलाश जारी है।
बचाव दल ने तत्परता दिखाते हुए दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला है, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है:
उत्तम (पुत्र पुस्सू) – निवासी: ग्राम लोस्तु बड़ियारगढ़।
अंकित (पुत्र आशा लाल) – निवासी: ग्राम नेलचामी, घनसाली।
इन दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।





