बद्रीनाथ धाम के कपाट खुले, गूंजा जय बद्री विशाल का जयकारा।
बदरीनाथ/चमोली:
उत्तराखंड के पवित्र चारधामों में प्रमुख बद्रीनाथ मंदिर के कपाट आज गुरुवार प्रातः 6 बजकर 15 मिनट पर विधिविधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। कपाट खुलते ही पूरा धाम “जय बद्री विशाल” के जयकारों से गूंज उठा।
इस पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने भगवान बद्री विशाल की पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
साथ ही स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती (शंकराचार्य) की भी गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।
कपाट खुलने के दौरान देश-विदेश से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान बद्री विशाल और मंदिर में जल रही अखंड ज्योति के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला।
कपाट खुलने के साथ ही बदरीनाथ धाम की वार्षिक यात्रा का शुभारंभ हो गया है। प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।


