केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बड़ा हादसा।

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बड़ा हादसा।
खबर शेयर करें:

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बड़ा हादसा। 

पहाड़ी से गिरे पत्थर, घोड़ा संचालक की मौके पर मौत। 

राजस्थान का यात्री गंभीर।


रुद्रप्रयाग (केदारनाथ): विश्वप्रसिद्ध केदारनाथ यात्रा मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक और हृदयविदारक हादसा सामने आया है। यात्रा मार्ग के चीरबासा हेलीपैड के पास ऊपरी पहाड़ी से अचानक भारी पत्थर और मलबा गिरने की वजह से एक स्थानीय घोड़ा संचालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, राजस्थान से बाबा केदार के दर्शन करने आया एक श्रद्धालु इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद कुछ समय के लिए यात्रा मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी से मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 2:54 बजे हुआ। चीरबासा हेलीपैड के समीप अचानक पहाड़ी दरकने से भारी भरकम पत्थर और मलबा नीचे पैदल मार्ग पर आ गिरा। इस दौरान वहां से गुजर रहे दो लोग सीधे पत्थरों की चपेट में आ गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, डीडीआरएफ (DDRF), वाईएमएफ (YMF), आपदा मित्र और गौरीकुंड के सेक्टर अधिकारी की संयुक्त टीमें तत्काल रेस्क्यू के लिए घटनास्थल की ओर रवाना हुईं।

हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान 23 वर्षीय देवेश सिंह के रूप में हुई है, जो रुद्रप्रयाग जनपद के ही ग्राम बड़ासू का रहने वाला था। देवेश केदारनाथ यात्रा मार्ग पर घोड़ा संचालक के रूप में काम करता था और यात्रियों को बाबा के दर तक पहुंचाता था। पत्थरों की सीधे चपेट में आने के कारण देवेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रशासन द्वारा शव का पंचनामा भरकर आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

मलबे की चपेट में आने से घायल हुए श्रद्धालु की पहचान विष्णु के रूप में हुई है, जो राजस्थान के रहने वाले हैं। संयुक्त राहत एवं बचाव टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए मलबे के बीच से घायल विष्णु को निकाला और तुरंत प्राथमिक उपचार देते हुए चिकित्सा केंद्र गौरीकुंड पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, घायल यात्री की हालत गंभीर है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

इस दुखद घटना के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम अलर्ट मोड पर आ गई है। यात्रा मार्ग के सभी संवेदनशील और डेंजर जोन वाले स्थलों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने केदारनाथ धाम आ रहे सभी तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतें और मौसम व सुरक्षा को लेकर जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।

केदारनाथ के पूर्व विधायक मनोज रावत ने केदारनाथ यात्रा मार्ग पर चीरबासा हेलीपैड के समीप पत्थर गिरने की घटना में बड़ासू निवासी युवा घोड़ा संचालक देवेश सिंह के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक बताया है। उन्होंने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही घायल यात्री के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।




खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->