50 मीटर गहरी खाई में गिरी स्कूटी, DDRF ने दो लोगों को सुरक्षित निकालार।
रुद्रप्रयाग। जनपद के सनबैंड क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। रुद्रप्रयाग की ओर आ रही एक स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमों ने तत्परता दिखाई और खाई में उतरकर स्कूटी सवार दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह एक स्कूटी पर सवार होकर दो लोग रुद्रप्रयाग की ओर आ रहे थे। जैसे ही वे सनबैंड के पास पहुंचे, चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और स्कूटी सीधे 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा होते ही मौके पर हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी प्रशासन को दी
घटना की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र तत्काल सक्रिय हुआ। सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रतिवादन बल (DDRF), स्थानीय पुलिस और 108 आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा की टीम जरूरी रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव दल के जवानों ने बिना समय गंवाए रस्सी के सहारे गहरी खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
इस दुर्घटना में 19 वर्षीय सचिन कुमार घायल हो गए हैं। रेस्क्यू टीम ने उन्हें खाई से निकालकर तुरंत मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया और उसके बाद बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेज दिया। वहीं स्कूटी पर सवार दूसरी यात्री सुलेखा देवी पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है। रेस्क्यू टीमों की त्वरित कार्रवाई की वजह से आज दो जिंदगियां सुरक्षित बच गईं।
पहाड़ों में सावधानी से चलाएं वाहनइस घटना के बाद प्रशासन ने पहाड़ी क्षेत्रों में सफर करने वाले वाहन चालकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि पर्वतीय मार्गों पर तीव्र मोड़ों और ढलान पर वाहन की गति नियंत्रित रखें, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।


