12 किलो चिकन-मछली और शराब के साथ नेपाल के 4 मजदूर गिरफ्तार।
बद्रीनाथ धाम में पुलिस का बड़ा एक्शन।
श्री बद्रीनाथ धाम, 4 जून 2026: करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र श्री बद्रीनाथ धाम की पवित्रता और धार्मिक मर्यादा को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए चमोली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत धाम क्षेत्र में प्रतिबंधित मांसाहारी सामग्री और शराब ले जा रहे नेपाल निवासी चार व्यक्तियों को रंगे हाथ दबोचा है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार 3 जून 2026 को बद्रीनाथ पुलिस टीम धाम क्षेत्र में वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) से बद्रीनाथ की ओर आ रही एक टैक्सी को रोककर तलाशी ली गई। वाहन की जांच करने पर पुलिस को अलग-अलग पैकेटों में छिपाकर रखा गया लगभग 12 किलो से अधिक चिकन व मछली और 3 बोतल शराब बरामद हुई।
वाहन में सवार चारों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिनकी पहचान घनश्याम दमाई, मनबहादुर, संदीप और दत्तकामी के रूप में हुई है। ये सभी नेपाल के निवासी हैं और यहाँ मजदूरी का काम करते हैं। पुलिस ने बद्रीनाथ धाम क्षेत्र में लागू सख्त प्रतिबंधों का उल्लंघन करने पर चारों आरोपियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की है।
पुलिस ने नियमों के तहत बरामद मांस, मछली और शराब को मौके पर ही पूरी तरह नष्ट करवा दिया। चमोली पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि आस्था के धामों की मर्यादा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। धाम की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले और नियमों को तोड़ने वाले तत्वों के खिलाफ भविष्य में भी ऐसी सख्त चेकिंग जारी रहेगी।


