गोपेश्वर में हुड़दंगियों और नशेड़ियों पर पुलिस का शिकंजा, स्टंटबाजी और लापरवाही करने पर गाड़ियां सीज कर किया गिरफ्तार।
गोपेश्वर (चमोली)। जनपद में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। "ऑपरेशन प्रहार" के तहत कोतवाली गोपेश्वर पुलिस ने शहर के विभिन्न हिस्सों में सघन चेकिंग अभियान चलाकर हुड़दंगियों, नशेडियों और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने कई गाड़ियां सीज की हैं और आरोपियों पर कानूनी शिकंजा कसा है।
चेकिंग के दौरान पुलिस को पहली सफलता शुभम (निवासी गोपेश्वर) के रूप में मिली, जो अपनी बुलेट मोटरसाइकिल पर मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़कों पर तेज आवाज (पटाखे जैसी आवाज) निकाल रहा था। वाहन के जरूरी कागजात न होने पर पुलिस ने उसकी बुलेट को मौके पर ही सीज कर दिया। वहीं, दिनेश सिंह (निवासी थिरपाक) शराब के नशे में धुत होकर लापरवाही से गाड़ी दौड़ा रहा था। उसने सड़क पर दूसरी गाड़ी को टक्कर भी मार दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शराबी चालक को गिरफ्तार कर उसका वाहन सीज कर दिया।
कार्रवाई के दौरान अभिषेक सिंह (निवासी निजमुला) को अपनी बाइक पर तीन सवारियां (ट्रिपल राइडिंग) बैठाकर नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया गया। गाड़ी के वैध दस्तावेज न होने पर पुलिस ने उसकी मोटरसाइकिल सीज कर दी। इसके अलावा वरुण नेगी और सुमित बिष्ट (दोनों निवासी गोपेश्वर) को भी बिना कागजात के वाहन चलाने पर पकड़ा गया और उनकी गाड़ियां सीज कर दी गईं।
वाहन सीज करने के साथ ही पुलिस ने वरुण नेगी और सुमित बिष्ट को सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करते हुए रंगे हाथों पकड़ा। खुलेआम हुड़दंग मचाने और नशा करने के आरोप में पुलिस ने दोनों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की है।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने, नशे में गाड़ी चलाने, मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग करने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


