सवा 11 किलो गांजे के साथ महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार, ₹2.78 लाख कीमत।
अल्मोड़ा। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" के तहत सल्ट पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मर्चूला चेक पोस्ट पर चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार पुरुष और महिला को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11.130 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2.78 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के द्वार नशा तस्करों के खिलाफ लगातार धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सल्ट पुलिस टीम मर्चूला चेक पोस्ट पर आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहे एक पुरुष और एक महिला को पुलिस ने जांच के लिए रोका।
संदेह होने पर जब पुलिस टीम ने दोनों की तलाशी ली, तो उनके पास से कुल 11.130 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही नशीले पदार्थ को जब्त कर तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को सीज कर दिया। गिरफ्तार किए गए दोनों अभियुक्तों के खिलाफ सल्ट थाने में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सल्ट पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई के बाद एसएसपी अल्मोड़ा ने साफ किया है कि देवभूमि में नशा तस्करों के लिए कोई जगह नहीं है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का यह "ऑपरेशन प्रहार" अभियान आगे भी पूरे जनपद में इसी तरह लगातार जारी रहेगा।


