जोशीमठ (चमोली)। जनपद चमोली के जोशीमठ क्षेत्र से राहत की एक बड़ी खबर सामने आई है। अलकनंदा नदी के बेहद खतरनाक और दुर्गम तट पर फंसे एक 15 वर्षीय किशोर को राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस के साथ मिलकर चलाए गए एक संयुक्त ऑपरेशन में सकुशल रेस्क्यू कर लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, आदर्श (15 वर्ष) पुत्र श्री बलवंत सिंह, निवासी ग्राम सुखी भल्ला, तपोवन (चमोली), विष्णुप्रयाग के पास चुनार गांव क्षेत्र में अलकनंदा नदी के किनारे एक अत्यंत चुनौतीपूर्ण और खतरनाक स्थान पर फंस गया था। पहाड़ी और नदी का यह हिस्सा इतना दुर्गम था कि वहां आम इंसान का पहुंचना नामुमकिन था। सूचना मिलते ही SDRF की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ रवाना हुई। रेस्क्यू टीम को मौके तक पहुंचने के लिए बेहद कंटीली झाड़ियों, ऊबड़-खाबड़ पत्थरों और कठिन भू-भाग से होकर गुजरना पड़ा।
घटनास्थल पर पहुंचते ही SDRF, फायर सर्विस और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। जवानों ने अदम्य साहस, सूझबूझ और बेहतरीन तालमेल का परिचय देते हुए रस्सियों और सुरक्षा उपकरणों के सहारे नदी के उस खतरनाक हिस्से तक अपनी पहुंच बनाई। कड़ी मशक्कत के बाद किशोर को सुरक्षित स्थान पर खींचकर बाहर निकाला गया।
सुरक्षित बाहर निकाले जाने के बाद किशोर की मेडिकल स्थिति पूरी तरह सामान्य पाई गई। सफल रेस्क्यू के बाद SDRF ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए किशोर को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस द्वारा किशोर के परिजनों से संपर्क कर लिया गया है और उनके आने तक उसे सुरक्षित संरक्षण में रखा गया है। इस तत्परता और जांबाजी के लिए स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू टीमों की जमकर सराहना की है।


