चमोली में बड़ा हादसा।
बद्रीनाथ हाईवे पर रात्रि को बस पर गिरे भारी पत्थर,
एक तीर्थयात्री की मौके पर ही मौत,
दो घायल,
चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीपलकोटी से आगे भनेर पानी के पास पहाड़ी से अचानक भारी पत्थर गिरने की वजह से एक यात्री बस इसकी चपेट में आ गई। इस दर्दनाक हादसे में बस में सवार एक तीर्थयात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, तीर्थयात्रियों से भरी एक बस बद्रीनाथ धाम की ओर जा रही थी। जैसे ही बस पीपलकोटी से आगे भनेर पानी के समीप पहुंची, पहाड़ी से अचानक भरभराकर भारी बोल्डर और पत्थर बस के ऊपर गिर गए। पत्थरों के बस पर गिरते ही चीख-पुकार मच गई। भारी पत्थर की चपेट में आने से एक तीर्थयात्री ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और रेस्क्यू टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में घायल हुए दो तीर्थयात्रियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यात्रियों की पहचान और वे कहां के रहने वाले थे, इस संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
इस हादसे और पहाड़ी से लगातार गिर रहे मलबे के कारण बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात के लिए एक बार फिर पूरी तरह बंद हो गया है। मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं, जिससे कई तीर्थयात्री बीच रास्ते में ही फंस गए हैं। हाईवे अथॉरिटी और प्रशासन द्वारा मलबे को हटाकर मार्ग को जल्द से जल्द सुचारू करने के लिए जेसीबी मशीनें तैनात की गई हैं, लेकिन पहाड़ी से रुक-रुक कर पत्थर गिरने के कारण काम में बाधा आ रही है। मार्ग सुचारु कर दिया गया है।
दुर्घटना का विवरण-
1- रेनू किरोड़ीवाल (आयु 26 वर्ष), पुत्री दीवान चंद्र, निवासी- नवादा गली नंबर 13, मटियाल एक्सटेंशन, उत्तम नगर, दिल्ली। (उपचार के दौरान अस्पताल में निधन)।
2- गंभीर घायल: पप्पू मिश्रा, निवासी- कानपुर, उत्तर प्रदेश। (प्राथमिक उपचार के उपरांत जिला चिकित्सालय, गोपेश्वर रेफर किया गया)।
3- तन्नू छेत्री, निवासी- सेक्टर 3, लक्ष्मण विहार, गुड़गांव। (प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है)।


