किमोली गांव में मारी छापेमारी, बरामद शराब की बोतलें मौके पर ही तोड़ीं।
नारायणबगड़ में महिलाओं का बड़ा एक्शन।
नारायणबगड़ (चमोली): ग्रामीण इलाकों में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। नारायणबगड़ ब्लॉक के किमोली गांव में महिलाओं ने एकजुट होकर गांव में औचक निरीक्षण (छापेमारी) अभियान चलाया। इस दौरान गांव के ही एक व्यक्ति के ठिकाने से भारी मात्रा में अवैध शराब की बोतलें बरामद हुईं, जिन्हें महिलाओं ने मौके पर ही तोड़कर नष्ट कर दिया।
महिलाओं के इस अचानक एक्शन से गांव में शराब बेचने और पीने वालों में हड़कंप मच गया। महिलाओं ने अवैध शराब रखने वाले व्यक्ति को रंगे हाथ पकड़कर भविष्य में दोबारा ऐसा न करने की कड़ी हिदायत दी। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि आगे से कोई भी गांव के भीतर शराब बेचते या इसकी तस्करी करते हुए पकड़ा गया, तो उसके खिलाफ पुलिसिया और कानूनी रूप से कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में शामिल महिलाओं ने कहा कि वे अपने गांव का माहौल खराब नहीं होने देंगी। शराब के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में पारिवारिक कलह और युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है। गांव को पूरी तरह नशामुक्त बनाने के लिए महिलाएं आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रखेंगी। महिलाओं के इस साहसिक कदम की आसपास के क्षेत्रों में जमकर सराहना हो रही है।


