मुख्य सचिव के फ्लीट वाहन ने कई वाहनों को मारी टक्कर।
चालक पर नशे में होने का आरोप।
टिहरी: उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन के जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दौरान उस समय भारी हंगामा हो गया, जब उनके फ्लीट (काफिले) में शामिल एक सरकारी वाहन ने शहर में जमकर उत्पाद मचाया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस वाहन के चालक ने लापरवाही और अत्यधिक तेज गति से गाड़ी चलाते हुए कई लोगों को टक्कर मारी। घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने मौके पर जमकर नारेबाजी की और आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
मिली जानकारी के अनुसार, मुख्य सचिव के दौरे के मद्देनजर सरकारी वाहनों का काफिला शहर से गुजर रहा था। इसी दौरान फ्लीट में शामिल एक वाहन के चालक ने नियंत्रण खो दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार बेहद लापरवाही से चलाई जा रही थी, जिसने रास्ते में एक कार को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद बेकाबू वाहन ने एक स्कूटी को भी चपेट में ले लिया, जिससे स्कूटी सवार असंतुलित होकर सड़क किनारे जा गिरा।
इस हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। जनता ने दौड़कर उक्त सरकारी वाहन को घेर लिया और आगे बढ़ने से रोक दिया। गाड़ी रुकवाए जाने पर लोगों ने पाया कि चालक कथित तौर पर भारी नशे की हालत में था। लोगों का आरोप है कि चालक शराब के नशे में धुत्त होकर इतनी महत्वपूर्ण ड्यूटी पर गाड़ी दौड़ा रहा था, जिससे कई मासूमों की जान जोखिम में पड़ गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और यातायात कुछ देर के लिए बाधित रहा। स्थानीय नागरिकों ने शासन और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि वीआईपी ड्यूटी में इस तरह की घोर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को तुरंत सूचित किया गया, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने और जांच में जुट गई है।


