चमोली में हर सोमवार होगा ‘जनता मिलन।

चमोली में हर सोमवार होगा ‘जनता मिलन।
खबर शेयर करें:

चमोली में हर सोमवार होगा ‘जनता मिलन

जिलाधिकारी खुद सुनेंगे लोगों की समस्याए।


जनपदवासियों की समस्याओं, शिकायतों और सुझावों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए जिला प्रशासन ने एक नई पहल शुरू की है। अब प्रत्येक सोमवार को जिला मुख्यालय गोपेश्वर में "जनता मिलन कार्यक्रम" आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिलाधिकारी स्वयं आमजन की समस्याएं सुनेंगे और उनके निस्तारण की समीक्षा करेंगे।

जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम प्रत्येक सोमवार प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक जिला कार्यालय सभागार, गोपेश्वर में आयोजित किया जाएगा।

जिलाधिकारी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सभी जिला स्तरीय विभागीय अधिकारियों की कार्यक्रम में भौतिक उपस्थिति अनिवार्य होगी, जबकि तहसील एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे।

जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान आम नागरिक अपनी समस्याएं, शिकायतें एवं सुझाव सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकेंगे। जिलाधिकारी इन मामलों की सुनवाई कर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देंगे तथा उनके निस्तारण की प्रगति की समीक्षा भी करेंगे।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन-1905 में दर्ज शिकायतों और माननीय मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े मामलों की प्रगति की भी नियमित समीक्षा की जाएगी, जिससे लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने विभाग से संबंधित अद्यतन जानकारी और आवश्यक अभिलेखों के साथ कार्यक्रम में उपस्थित रहें। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और अधिकतम शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि जनता मिलन कार्यक्रम प्रशासन और आमजन के बीच संवाद का एक प्रभावी मंच बनेगा, जिससे शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पहल का लाभ उठा सकें।

जिला प्रशासन की इस पहल से लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एक सुलभ और प्रभावी मंच उपलब्ध होगा तथा शासन और जनता के बीच संवाद को नई मजबूती मिलेगी।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->