फरासू के पास कार पर गिरा भारी बोल्डर, राजस्थान के तीन तीर्थयात्री बाल-बाल बचे।
श्रीनगर। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल टल गया । श्रीनगर से कुछ किलोमीटर पहले फरासू के समीप भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र (लैंडस्लाइड जोन) में पहाड़ी से एक भारी बोल्डर अचानक चलती कार के ऊपर आ गिरा . गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और कार में सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित बच गए .
मिली जानकारी के मुताबिक, कार में चालक समेत राजस्थान के तीन तीर्थयात्री सवार थे , ये सभी यात्री बाबा केदार और बदरीनाथ धाम के सफल दर्शन करने के बाद वापस हरिद्वार की ओर लौट रहे थे, जैसे ही उनकी कार फरासू के पास खतरनाक लैंडस्लाइड जोन से गुजरी, तभी अचानक पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर सीधे वाहन पर आकर गिर गया ।
भारी बोल्डर गिरने की वजह से कार का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन खुशकिस्मती से वाहन के भीतर बैठे यात्रियों को एक भी खरोंच नहीं आई , चलती गाड़ी पर पत्थर गिरते ही हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पीछे आ रहे अन्य वाहनों के पहिए भी थम गए , स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत कार सवार सुरक्षित यात्रियों को बाहर निकाला।
चारधाम यात्रा मार्ग पर लगातार हो रहे भूस्खलन और पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों से बेहद सतर्क रहने की अपील की है । खासकर लैंडस्लाइड जोन को पार करते समय गति नियंत्रित रखने और पहाड़ी पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं ।


