घोड़ा-खच्चर संचालक पर लोहे के कड़े से हमला कर फोड़ा सिर, हरियाणा का आरोपी गिरफ्तार।

घोड़ा-खच्चर संचालक पर लोहे के कड़े से हमला कर फोड़ा सिर, हरियाणा का आरोपी गिरफ्तार।
खबर शेयर करें:

घोड़ा-खच्चर संचालक पर लोहे के कड़े से हमला कर फोड़ा सिर, हरियाणा का आरोपी गिरफ्तार।


रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ धाम से एक बेहद शर्मनाक और हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां श्रद्धा के केंद्र में आए एक तीर्थयात्री ने मामूली विवाद के बाद भारी दबंगई दिखाते हुए एक स्थानीय घोड़ा-खच्चर संचालक के सिर पर लोहे के कड़े से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस जानलेवा हमले में संचालक का सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद भाग रहे आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है।


मिली जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के यमुनानगर का रहने वाला राघव नामक युवक तुंगनाथ धाम की यात्रा पर आया था। यात्रा मार्ग पर किसी मामूली बात को लेकर उसका एक स्थानीय घोड़ा-खच्चर संचालक से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी राघव ने आव देखा न ताव और अपने हाथ में पहने भारी लोहे के कड़े से संचालक के सिर पर हमला कर दिया। आरोपी ने उसके सिर पर कई वार किए, जिससे संचालक लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।

इस हिंसक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी राघव मौके से रफूचक्कर होने की फिराक में था। हालांकि, तीर्थनगरी की मर्यादा को तार-तार करने वाली इस घटना से स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने तुरंत घेराबंदी कर भाग रहे आरोपी को ढूंढ निकाला। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी को मौके पर ही सबक सिखाया और इसके बाद उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

देवभूमि की शांत वादियों और धार्मिक मर्यादाओं के बीच हुई इस गुंडागर्दी से पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश है। इस संबंध में रुद्रप्रयाग की पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. विशाखा अशोक भदाणे ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई थी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

उत्तराखंड के पवित्र चारधाम और धार्मिक स्थलों पर लगातार बढ़ रही हिंसा और अभद्रता की घटनाएं अब गंभीर चिंता का विषय बन चुकी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ों की शांत और धार्मिक संस्कृति को बिगाड़ने वाले ऐसे हुड़दंगियों के खिलाफ प्रशासन को बेहद कड़ा रुख अपनाना चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी यात्री देवभूमि की मर्यादा और कानून को चुनौती देने की हिम्मत न कर सके।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->