पहाड़ का 22 वर्षीय शातिर स्कूटी चोर गिरफ्तार, 11 चोरी की दोपहिया वाहन बरामद।
**देहरादून।** देहरादून पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर कुल **11 चोरी की स्कूटी और बाइक** बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल का रहने वाला है और वर्तमान में हरिद्वार के कनखल में रह रहा था।
31 जुलाई को रायपुर थाना क्षेत्र से दो अलग-अलग स्थानों से स्कूटी चोरी होने की शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे करीब **80 सीसीटीवी कैमरों** की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध युवक नजर आया।
मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने महाराणा प्रताप चौक के आगे पेट्रोल पंप के पास से आरोपी **राकेश डबराल (22)** को चोरी की स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने देहरादून के विभिन्न इलाकों से कई दोपहिया वाहन चोरी करने की बात कबूल की।
आरोपी की निशानदेही पर जंगल में सुनसान स्थान पर छिपाकर रखे गए **10 अन्य चोरी के दोपहिया वाहन** भी बरामद किए गए। इस तरह कुल **11 वाहन** पुलिस ने बरामद किए हैं। इनमें रायपुर, नेहरू कॉलोनी और डालनवाला थाना क्षेत्रों से चोरी हुए वाहन भी शामिल हैं, जबकि अन्य वाहनों की जानकारी जुटाई जा रही है।
ऐसे देता था वारदात को अंजाम
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए वाहन चोरी करता था। पहले सुनसान जगहों पर खड़े वाहनों की रेकी करता, फिर मौका मिलते ही उन्हें चोरी कर जंगल में छिपा देता और हरिद्वार लौट जाता। बाद में मौका देखकर वाहनों को जिले से बाहर ले जाकर बेचने की योजना बनाता था। इसी दौरान वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अन्य बरामद वाहनों के संबंध में भी जांच जारी है।


