करोड़ों की पार्किंग, फिर भी जलभराव! सोनप्रयाग में बदइंतजामी से यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें।
**रुद्रप्रयाग।** केदारनाथ यात्रा के प्रमुख पड़ाव सोनप्रयाग स्थित बहुमंजिला पार्किंग में भारी बारिश के बाद जल निकासी व्यवस्था की पोल खुलती नजर आ रही है। पार्किंग परिसर में जगह-जगह जलभराव होने से श्रद्धालुओं को पानी के बीच अपने वाहन खड़े करने पड़ रहे हैं, जबकि सामान लेकर आवागमन करना भी बेहद कठिन हो गया है।
बारिश के दौरान पार्किंग में पानी भर जाने से यात्रियों को कीचड़ और जलभराव के बीच आवाजाही करनी पड़ रही है। कई लोग अपने सामान के साथ पानी में चलने को मजबूर हैं, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से बनी पार्किंग में यदि समुचित जल निकासी व्यवस्था ही नहीं है, तो यह निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रशासनिक तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। हर वर्ष बरसात में ऐसी स्थिति बनने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया।
श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि पार्किंग परिसर में तत्काल जल निकासी की व्यवस्था सुधारी जाए, ताकि केदारनाथ यात्रा पर आने वाले हजारों यात्रियों को इस तरह की अव्यवस्था का सामना न करना पड़े। लगातार सामने आ रही ऐसी व्यवस्थागत कमियां संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही हैं।


