लमगौंडी में श्रीमद् देवी भागवत कथा के अष्टम दिवस पर पहुंचे पूर्व विधायक मनोज रावत, मां भगवती के किए दर्शन।
कथा वाचक डॉ. प्रदीप सेमवाल के मुखारविंद से सुनी देवी भागवत कथा, क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
लमगौंडी। ग्राम सभा लमगौंडी में आयोजित श्रीमद् देवी भागवत कथा के अष्टम दिवस पर केदारनाथ के पूर्व विधायक एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष मनोज रावत ने कथा स्थल पहुंचकर मां भगवती के दर्शन किए तथा कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस दौरान मनोज रावत ने कथा वाचक डॉ. प्रदीप सेमवाल के मुखारविंद से देवी भागवत की अमृतमयी कथा का श्रवण किया। उन्होंने कहा कि मां भगवती की महिमा और देवी भागवत कथा का श्रवण मन को आध्यात्मिक शांति प्रदान करता है। बाणासुर महाराज और मां राजराजेश्वरी की पावन भूमि पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
मुख्य आचार्य श्री अनिल बेंजवाल के सान्निध्य में धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान के साथ संपन्न हो रहा है। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य गणेश तिवारी, NSUI जिलाध्यक्ष आलोक जग्गी, युवा नेता तनुज पुरोहित तथा बरमाड़ी के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पीसीसी सदस्य पुरुषोत्तम तिवारी भी मौजूद रहे। कथा स्थल पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता किशन कपरवाण और महेश बगवाड़ी से भी उनकी मुलाकात हुई।
मनोज रावत ने भव्य धार्मिक आयोजन के लिए देवरा यात्रा समिति लमगौंडी के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने समस्त ग्रामवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए मां भगवती से क्षेत्र पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।


