बिग ब्रेकिंग: जोशीमठ के वीर सपूत प्रेम प्रकाश ने एवरेस्ट पर फहराया तिरंगा, ITBP मेडिकल टीम संग रचा इतिहास।

बिग ब्रेकिंग: जोशीमठ के वीर सपूत प्रेम प्रकाश ने एवरेस्ट पर फहराया तिरंगा, ITBP मेडिकल टीम संग रचा इतिहास।
खबर शेयर करें:

बिग ब्रेकिंग: जोशीमठ के वीर सपूत प्रेम प्रकाश ने एवरेस्ट पर फहराया तिरंगा, ITBP मेडिकल टीम संग रचा इतिहास।



जोशीमठ। सीमांत नगर जोशीमठ के गांधीनगर निवासी एवं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की प्रथम वाहिनी में तैनात सिपाही मेडिक प्रेम प्रकाश ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह कर पूरे उत्तराखंड और चमोली जनपद का नाम रोशन कर दिया है। प्रेम प्रकाश ने आईटीबीपी की विशेष पर्वतारोहण एवं मेडिकल टीम के साथ यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए एवरेस्ट शिखर पर तिरंगा लहराया।

आईटीबीपी जब भी हिमालय की दुर्गम चोटियों पर अभियान संचालित करती है, तब पर्वतारोहियों के साथ एक प्रशिक्षित मेडिकल टीम भी तैनात की जाती है। प्रेम प्रकाश इस टीम के अहम सदस्य के रूप में लंबे समय से कठिन अभियानों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। माइनस तापमान, बर्फीले तूफानों और ऑक्सीजन की भारी कमी के बीच उन्होंने साथी जवानों की सेहत का ख्याल रखते हुए अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हाल ही में संपन्न एवरेस्ट अभियान के दौरान प्रेम प्रकाश ने न केवल मेडिकल सपोर्ट की जिम्मेदारी निभाई, बल्कि दुनिया की सबसे खतरनाक चोटियों में शुमार माउंट एवरेस्ट पर सफल चढ़ाई कर साहस और समर्पण की मिसाल पेश की। 8,848.86 मीटर ऊंचे इस शिखर पर पहुंचना किसी भी पर्वतारोही के लिए बेहद कठिन चुनौती माना जाता है, क्योंकि 8 हजार मीटर से ऊपर का क्षेत्र “डेथ जोन” कहलाता है, जहां ऑक्सीजन का स्तर बेहद कम हो जाता है।

प्रेम प्रकाश की इस उपलब्धि से पूरे जोशीमठ क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। उनके गांधीनगर स्थित घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। स्थानीय लोगों, सामाजिक संगठनों और युवाओं ने इसे पूरे सीमांत क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि प्रेम प्रकाश ने यह साबित कर दिया है कि देवभूमि के युवाओं में कठिन से कठिन चुनौतियों को पार करने का जज्बा मौजूद है। उनकी यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है और देश सेवा के प्रति समर्पण का जीवंत उदाहरण भी है।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->