NEET UG पेपर लीक: श्रीनगर गढ़वाल में भड़का युवाओं का गुस्सा, NSUI ने निकाला विशाल मशाल जुलूस।
श्रीनगर (गढ़वाल): NEET UG परीक्षा में पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने की गड़बड़ियों के खिलाफ उत्तराखंड के श्रीनगर गढ़वाल में छात्रों और युवाओं का आक्रोश फूट पड़ा है। शनिवार देर शाम नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के कार्यकर्ताओं और स्थानीय छात्रों ने गढ़वाल विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर से लेकर शहर के मुख्य चौराहों तक एक विशाल मशाल जुलूस निकाला। इस दौरान युवाओं ने केंद्र सरकार, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
हाथों में जलती मशालें और बैनर थामे प्रदर्शनकारी छात्रों ने “NTA जवाब दो”, “छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो” और “शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो” जैसे गगनभेदी नारे लगाए। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे NSUI के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि देश की सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा में हुई इस बड़ी गड़बड़ी ने लाखों गरीब और मेहनती छात्रों के सपनों पर पानी फेर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि NTA परीक्षाओं की गोपनियता और पारदर्शिता बनाए रखने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।
जुलूस में शामिल छात्र नेताओं का कहना था कि देश की पूरी शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली से युवाओं का भरोसा उठ चुका है। छात्रों ने केंद्र सरकार से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और पेपर लीक माफिया व दोषियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई हो जो नजीर बने। NSUI ने चेतावनी दी है कि यदि युवाओं को जल्द ही न्याय नहीं मिला और परीक्षा प्रणाली में सुधार नहीं हुआ, तो इस आंदोलन को पूरे उत्तराखंड में और उग्र रूप दिया जाएगा।
इस आक्रोशपूर्ण मशाल जुलूस के दौरान छात्र नेता सूरज नेगी, मयंक बहुगुणा, मोहित राणा, अखिल राणा सहित विभिन्न कॉलेजों और गढ़वाल विश्वविद्यालय के सैकड़ों छात्र और युवा मौजूद रहे।


