वोल्वो बस में लगी भीषण आग, पुलिस ने बचाई दो विदेशियों समेत 34 जानें।
हरिद्वार, उत्तराखंड के शांतारशाह क्षेत्र में आज तड़के सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। देहरादून से जयपुर की ओर जा रही एक वोल्वो बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, लेकिन हरिद्वार पुलिस और फायर सर्विस की तत्परता से बस में सवार सभी 34 यात्रियों की जान सुरक्षित बचा ली गई।
बस में आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आग्निशमन दल (Fire Service) बिना वक्त गंवाए तुरंत मौके पर पहुंचे। टीम ने धूं-धूं कर जल रही बस से सभी 34 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
सुरक्षित बचाए गए यात्रियों में दो विदेशी नागरिक भी शामिल थे। मौत के मुंह से सुरक्षित बाहर निकलने के बाद भावुक होकर विदेशी नागरिकों ने हरिद्वार पुलिस का दिल से आभार जताया। उन्होंने पुलिस कर्मियों को धन्यवाद देते हुए कहा— "Thank You, You Saved Our Lives" (धन्यवाद, आपने हमारी जान बचाई)।
फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में लगी आग पर पूरी तरह काबू पाया। हादसे के बाद पुलिस प्रशासन ने सभी यात्रियों के लिए अन्य वाहनों की व्यवस्था की, जिसके बाद सभी यात्री सकुशल अपने गंतव्य (जयपुर) के लिए रवाना हो गए हैं। संकट के समय हरिद्वार पुलिस द्वारा दिखाई गई इस मुस्तैदी और सेवा भावना की हर तरफ सराहना हो रही है।


