नरसिंह बाड़ी मार्ग पर गिरा विशाल पेड़।
कार क्षतिग्रस्त; मुस्तैद टीम ने तुरंत बहाल किया रास्ता।
अल्मोड़ा:सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा के नरसिंह बाड़ी रोड पर बीती आधी रात को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक विशालकाय सूखा पेड़ अचानक भरभराकर मुख्य सड़क पर आ गिरा। पेड़ गिरने से न सिर्फ यातायात पूरी तरह ठप हो गया, बल्कि सड़क किनारे खड़ी एक कार भी इसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि हादसा आधी रात को हुआ जब सड़क पर आवाजाही कम थी, जिससे एक बड़ा जानमाल का नुकसान टल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर सर्विस अल्मोड़ा की टीम ने बिना वक्त गंवाए तुरंत मोर्चा संभाला। आपातकालीन स्थिति को देखते हुए दमकल कर्मी अत्याधुनिक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। रात के अंधेरे और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद टीम ने बेहद सूझबूझ और फुर्ती के साथ राहत अभियान (Rescue Operation) शुरू किया।
सड़क के बीचों-बीच गिरे इस भारी-भरकम पेड़ को हटाने के लिए फायर सर्विस के जवानों ने 'इलेक्ट्रिक वुडन कटर' (पेड़ काटने वाली मशीन) का इस्तेमाल किया। पेड़ को छोटे-छोटे हिस्सों में काटकर कड़ी मशक्कत के बाद सड़क से किनारे किया गया। इसके साथ ही मलबे को हटाकर बंद पड़े नरसिंह बाड़ी मार्ग को बेहद कम समय में दोबारा सुचारु करा दिया गया, जिससे सुबह होने से पहले ही यातायात सामान्य हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पेड़ जिस जगह पर गिरा, वहां एक कार पार्क थी। विशाल पेड़ के तने और डालियों के गिरने से कार को काफी नुकसान पहुंचा है।


