LUCC घोटाले में CBI का बड़ा एक्शन, मुंबई से दो और आरोपी गिरफ्तार।
उत्तराखंड के लोगों को करोड़ों का चूना लगाने वाला LUCC घोटाला।
देहरादून/मुंबई: उत्तराखंड के बहुचर्चित एलयूसीसी (LUCC) चिटफंड घोटाले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। सीबीआई की टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुंबई से दो और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंकज जैन उर्फ पंकज चौधरी और किशन जैन के रूप में हुई है।
जांच एजेंसी से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी पंकज जैन और किशन जैन इस महाघोटाले के मास्टरमाइंड समीर अग्रवाल और उसकी पत्नी सानिया अग्रवाल के बेहद करीबी हैं। ये दोनों आरोपी घोटाले से कमाए गए करोड़ों रुपये के काले धन को विभिन्न बेनामी संपत्तियों और जमीनों की खरीद में निवेश (Invesment) करने का काम संभाल रहे थे।
उत्तराखंड के हजारों मासूम लोगों को निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये का चूना लगाने वाले इस गिरोह पर सीबीआई का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इस मामले में अब तक कई अन्य आरोपियों की गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। हालांकि, इस पूरे घोटाले का मुख्य सूत्रधार समीर अग्रवाल और उसकी पत्नी सानिया अग्रवाल अब भी कानून की गिरफ्त से बाहर हैं। सीबीआई की कई टीमें फरार पति-पत्नी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं।
सीबीआई द्वारा मुंबई से की गई इन दो ताजा गिरफ्तारियों के बाद उत्तराखंड के इस बड़े चिटफंड घोटाले का अंतरराज्यीय नेटवर्क पूरी तरह बेनकाब हो गया है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में कई अन्य सफेदपोशों और बड़े प्रॉपर्टी डीलरों के नाम सामने आने की उम्मीद है। सीबीआई कोर्ट में पेशी के बाद आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जाएगी।


