नरकोटा में आर्मी ट्रक से टकराई कार, परखच्चे उड़े; कई लोग गंभीर रूप से घायल ।
रुद्रप्रयाग में भीषण सड़क हादसा।
रुद्रप्रयाग: ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर नरकोटा के पास आज बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। देहरादून से देवाल (चमोली) की ओर जा रही एक कार सामने से आ रहे सेना (आर्मी) के ट्रक से जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई। इस हादसे में कार सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए सेना के जवानों ने बिना वक्त गंवाए मोर्चा संभाला। जवानों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कार के भीतर फंसे लहूलुहान घायलों को बेहद मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
सभी घायलों को सेना के वाहनों और स्थानीय मदद से तत्काल नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है और उन्हें उच्च स्तरीय उपचार दिया जा रहा है।
भीषण दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों के पहिए थम गए और दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।



