कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चोपता-तुंगनाथ पैदल मार्ग पर चलाया स्वच्छता अभियान।
चोपता। उत्तराखंड कांग्रेस के स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विश्व प्रसिद्ध चोपता-तुंगनाथ पैदल मार्ग पर स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान में स्थानीय युवाओं, घोड़ा-खच्चर यूनियन, टैक्सी यूनियन और बाजार संघ के सदस्यों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
अभियान का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप सिंह कंडारी ने किया। उनके साथ पूर्व विधायक केदारनाथ मनोज रावत,मोहन मैठाणी, बीरेंद्र बुटोला, नरेंद्र कंडारी, राजेंद्र भंडारी, जगदीश रावत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रमदान कर पैदल मार्ग पर फैले कूड़े-कचरे को एकत्रित किया और स्वच्छता का संदेश दिया।
इस दौरान श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति, पुलिस विभाग तथा वन विभाग ने भी अभियान में सहयोग प्रदान किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चोपता-तुंगनाथ क्षेत्र उत्तराखंड की प्राकृतिक और धार्मिक धरोहर है, जिसकी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण सभी की जिम्मेदारी है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह कंडारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल राजनीतिक मुद्दों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और पर्यावरण से जुड़े सरोकारों पर भी लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की कि वे क्षेत्र की स्वच्छता बनाए रखने में अपना योगदान दें और प्लास्टिक तथा अन्य कचरे को इधर-उधर न फेंकें।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भविष्य में भी ऐसे जनहित और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम नियमित रूप से चलाने का संकल्प व्यक्त किया। अभियान के दौरान स्वच्छ और सुंदर पर्यटन स्थल बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया।








