पूर्व विधायक मनोज रावत ने बुजुर्ग कांग्रेसजनों से संवाद अभियान किया तेज ।
स्वतंत्रता सेनानी परिवार से की भेंट।
रुद्रप्रयाग। पूर्व विधायक केदारनाथ एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज रावत ने कांग्रेस के पुराने कार्यकर्ताओं, बुजुर्ग नेताओं और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारों से मिलने के अपने संकल्प के तहत शनिवार को पलद्वाड़ी गांव पहुंचकर वरिष्ठ कांग्रेस परिवार से भेंट की।
मनोज रावत ने बताया कि चोपता क्षेत्र में आयोजित सफाई अभियान में सहभागिता करने के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ लौटते समय वे पलद्वाड़ी गांव में रुके और वहां वरिष्ठ नागरिक श्री गोविंद सिंह बिष्ट से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उनके पिता स्वर्गीय एल.एस. बिष्ट, जो स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रहे थे, के योगदान को श्रद्धापूर्वक याद किया।
मनोज रावत ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और कांग्रेस पार्टी ने देश की आजादी के लिए जो त्याग और बलिदान दिया, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि आज के समय में कांग्रेस की जिम्मेदारी केवल राजनीतिक संघर्ष तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा करना भी उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों से मिलना केवल सम्मान प्रकट करना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास से जोड़ने का प्रयास भी है। कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर उन परिवारों से संवाद स्थापित करेंगे जिन्होंने देश और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को नमन करते हुए कहा कि लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक सौहार्द की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।


