भीषण सड़क दुर्घटना के बाद स्वस्थ हो रहे देवेंद्र सिंह बर्त्वाल से मिले पूर्व विधायक मनोज रावत, बढ़ाया हौसला।
देहरादून। पूर्व विधायक केदारनाथ मनोज रावत ने जॉली ग्रांट अस्पताल पहुंचकर सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए गिरिया निवासी एवं युवा कांग्रेस नेता विभांशु बर्त्वाल के पिता देवेंद्र सिंह बर्त्वाल का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने बर्त्वाल के स्वास्थ्य की जानकारी चिकित्सकों से ली और उनके शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व गौचर क्षेत्र में पैदल चलते समय एक तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से देवेंद्र सिंह बर्त्वाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्घटना में उनकी रीढ़ की हड्डी कई स्थानों पर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई थी। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल जॉली ग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अत्यंत जटिल और संवेदनशील ऑपरेशन को सफलतापूर्वक संपन्न किया।
पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा कि दुर्घटना के बाद की स्थिति बेहद चिंताजनक थी, लेकिन चिकित्सकों की दक्षता, समय पर मिले उपचार और देवेंद्र सिंह बर्त्वाल के मजबूत मनोबल ने सकारात्मक परिणाम दिए हैं। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में उनकी मेहनत और समर्पण ने एक नई उम्मीद जगाई है।
उन्होंने कहा कि अब उपचार का अगला महत्वपूर्ण चरण फिजियोथेरेपी और पुनर्वास का है। विश्वास है कि चिकित्सकों के मार्गदर्शन, परिवार के सहयोग और बर्त्वाल जी के अदम्य साहस के बल पर वे जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने पैरों पर खड़े होंगे।
मनोज रावत ने इस अवसर पर कहा कि जीवन में आने वाली कठिनाइयों का सामना दृढ़ इच्छाशक्ति और सकारात्मक सोच से किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बीमारी या दुर्घटना कितनी भी गंभीर क्यों न हो, यदि व्यक्ति के भीतर जीने और आगे बढ़ने का जज़्बा बना रहे तो परिस्थितियों पर विजय पाई जा सकती है। उन्होंने देवेंद्र सिंह बर्त्वाल के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।


