खनन वाहनों से लग रहे जाम को लेकर पूर्व विधायक ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन।
थराली (चमोली)।थराली मुख्य बाजार में खनन वाहनों की आवाजाही से लग रहे भीषण जाम और जर्जर होते पुल की समस्या को लेकर शनिवार को पूर्व विधायक डॉ. जीतराम के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) यशवीर सिंह रावत को ज्ञापन सौंपा। स्थानीय जनता और व्यापारियों ने इस स्थिति पर गहरा रोष व्यक्त किया है।
पूर्व विधायक डॉ. जीतराम ने बताया कि बीते करीब दो महीने से चेपड़ों में रीवर ड्रेजिंग (खनन) का कार्य चल रहा है। इस कार्य में लगे भारी डंपरों और वाहनों की वजह से थराली मुख्य बाजार में लगातार जाम की स्थिति बनी हुई है। बाजार में वाहनों के अत्यधिक दबाव के कारण राहगीरों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस खनन कार्य से सिर्फ सरकार और ठेकेदारों को फायदा हो रहा है, जबकि आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
डॉ. जीतराम ने चिंता जताते हुए कहा कि वर्ष 2013 की आपदा के बाद बड़ी मुश्किल से थराली मुख्य बाजार के पुल का निर्माण कराया गया था। अब भारी डंपरों की लगातार आवाजाही के कारण इस पुल की स्थिति बेहद जर्जर हो चुकी है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि आम जनता की सुरक्षा को देखते हुए तुरंत एक वैकल्पिक पुल की व्यवस्था की जाए।
नगर पंचायत अध्यक्ष थराली सुनीता रावत ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा पूर्व में भी बाजार में धूल से निजात पाने के लिए पानी के छिड़काव हेतु पत्र दिया गया था, लेकिन प्रशासन ने उस पर कोई संज्ञान नहीं लिया।
इस पूरे मामले पर थराली के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) यशवीर सिंह रावत ने कहा कि जाम की स्थिति को देखते हुए ज्ञापन मिलने से पहले ही थानाध्यक्ष थराली को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। इसके साथ ही जिला खनन अधिकारी को भी इस संबंध में पत्र भेजा गया है। पुल की स्थिति को लेकर उन्होंने आश्वस्त किया कि संबंधित विभाग की टेक्निकल टीम द्वारा जल्द ही पुल की जांच कर उचित कार्यवाही की जाएगी।
इस अवसर पर नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष थराली अब्बल सिंह गुंसाई, व्यापार संघ अध्यक्ष संदीप रावत, जितेंद्र रावत, हीरा चिनवान, प्रद्युम्न सिंह रावत, ललित रावत, प्रमोद बिष्ट, नरेंद्र बिष्ट और मुकेश देवराड़ी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे।


