मलबे में दबी 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला को SDRF ने सुरक्षित निकाला।
राजपुर रोड पर गिरी दीवार।
देहरादून। राजधानी के राजपुर क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जहां राजपुर रोड स्थित साईं मंदिर के पास एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे में एक 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला मलबे के नीचे दब गई। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे उनकी जान बच गई।
हादसे का शिकार हुई महिला की पहचान 85 वर्षीय श्रीमती मनसा देवी (पत्नी श्री घराहन सिंह) के रूप में हुई है, जो बिरगीर वाली, राजपुर रोड (देहरादून) की रहने वाली हैं। दीवार गिरने से वह भारी मलबे के नीचे पूरी तरह फंस गई थीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
5 जून 2026 को आपदा कंट्रोल रूम/CCR देहरादून से सूचना मिलते ही सहस्त्रधारा पोस्ट से SDRF की टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम ने बिना एक पल गंवाए मलबे को हटाने का काम शुरू किया। SDRF जवानों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से महिला को मलबे से जिंदा बाहर निकाल लिया गया।
मलबे से रेस्क्यू करने के बाद SDRF टीम ने घायल बुजुर्ग महिला को मौके पर ही प्राथमिक उपचार (First Aid) दिया। इसके बाद उन्हें तुरंत एम्बुलेंस के जरिए उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।


