बैरियर तोड़ भागी कार, पुलिस ने पीछा कर दबोचा, वाहन सीज।
चमोली (पीपलकोटी): पुलिस द्वारा अपराधियों और संदिग्धों के खिलाफ सख्त अभियान के तहत बीती रात पीपलकोटी चौकी पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब उन्होंने पुलिस को चकमा देकर भाग रही एक तेज रफ्तार कार को पीछा करके दबोच लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया है और उसमें सवार युवकों का चालान काटा है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात पीपलकोटी चौकी पुलिस टीम सुरक्षा के लिहाज से बैरियर लगाकर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक स्विफ्ट कार बेहद तेज गति से बैरियर की तरफ आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने कार चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने कार की रफ्तार कम करने के बजाय बैरियर को जोरदार टक्कर मारी और उसे तोड़ते हुए ज्योतिर्मठ की ओर फरार हो गया।
इस अचानक हुई घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए मुस्तैदी दिखाई और तत्काल सरकारी वाहन से फरार कार का पीछा करना शुरू किया। कुछ ही दूरी पर पुलिस ने घेराबंदी कर खतरनाक तरीके से भाग रही स्विफ्ट कार को रोक लिया।
पूछताछ में कार चालक की पहचान हिमांशु कुमार (पुत्र किशन लाल), निवासी ज्योतिर्मठ, चमोली के रूप में हुई है। जब पुलिस ने वाहन के दस्तावेज मांगे, तो चालक कोई भी जरूरी कागजात पेश नहीं कर सका। इसके अलावा लापरवाही और अत्यधिक तेज गति से कार चलाकर उसने सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी जोखिम में डाली थी।
पीपलकोटी पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए चालक हिमांशु के खिलाफ रैश ड्राइविंग (खतरनाक ड्राइविंग) और दस्तावेज न होने पर मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत चालान कर कार को मौके पर ही सीज कर दिया। इसके साथ ही कार में सवार उसके दो अन्य साथियों की हुड़दंगबाजी को देखते हुए उनके खिलाफ 81 पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई है।


